जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य

नगर निगम की बैठक में 32 विषयों पर चर्चा, नामकरण और प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव पारित, स्वच्छता में दूसरा स्थान मिलने पर महापौर को सदन ने दी बधाई,

जबलपुर, यश भारत। शहर के विकास, नामकरण, महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना और नगर निगम से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को नगर निगम की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। नगर निगम परिसर स्थित पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक में कुल 32 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रस्तावित रही। बैठक में अधिकारियों-कर्मचारियों से संबंधित प्रकरणों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। वहीं, शहर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने और विभिन्न स्थानों के नामकरण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

नामकरण पर समर्थन के साथ कांग्रेस ने उठाया उपेक्षा का मुद्दा

बैठक की शुरुआत नामकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ हुई। नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद अमरीश मिश्रा ने बताया कि नामकरण के प्रस्तावों पर समर्थन दिया गया, लेकिन इस दौरान कांग्रेस परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर पहले से नामित सड़कों की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि नामकरण के मामलों में सभी पक्षों को समान महत्व दिया जाना चाहिए।

धूल खा रही प्रतिमा का मुद्दा सदन में उठा

चर्चा के दौरान ओंकार तिवारी ने बाऊर प्राणप्रिय जी की प्रतिमा की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि प्रतिमा धूल खा रही है, जो शहर में महापुरुषों के सम्मान और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। सदन में प्रतिमाओं के उचित रखरखाव और सम्मानजनक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई।

सफाई टेंडर और सीवेज व्यवस्था पर भी चर्चा

स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर को दूसरा स्थान मिलने पर सदन में महापौर को बधाई दी गई। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर नए टेंडर जारी किए जाने और सीवेज से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इन मुद्दों पर आगे समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई।

नगर निगम के अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी ने बताया कि बैठक में शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा जारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button