मोबाइल की खूनी रिंगटोन : पड़ोसियों की हैवानियत, महिला पर तलवार से हमला, तीनों आरोपी गिरफ्तार

सागर। पुलिस अधीक्षक सागर संजीव सिंहा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
यह है पूरा मामला
फरियादिया श्रीमती शोमा पति पुष्पेंद्र जाटव उम्र 37 वर्ष निवासी धरमपुरा, अंबेडकर वार्ड, थाना मोतीनगर द्वारा थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि लगभग 12:30 बजे मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी अरविंद जाटव द्वारा उनके पति पुष्पेंद्र जाटव के साथ गाली-गलौज की गई। फरियादिया द्वारा विरोध करने पर आरोपी अरविंद जाटव अपने घर से तलवार लेकर आया तथा जान से मारने की नीयत से फरियादिया के सिर पर तलवार से वार किए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं एवं रक्तस्राव होने लगा।
इस दौरान फरियादिया के पति पुष्पेंद्र जाटव द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपी अरविंद के भाई सुरेंद्र जाटव एवं सागर जाटव द्वारा डंडे से उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घटना के समय मौजूद परिजनों द्वारा डायल-112 को सूचना दी गई। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से फरियादिया को गंभीर चोटों के कारण बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर रेफर किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मोतीनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया—
1. अरविंद पिता खूबचंद जाटव, उम्र 48 वर्ष, निवासी धरमपुरा, अंबेडकर वार्ड, थाना मोतीनगर।
2. सुरेंद्र पिता खूबचंद जाटव, उम्र 44 वर्ष, निवासी धरमपुरा, अंबेडकर वार्ड, थाना मोतीनगर।
3. सागर पिता सुरेंद्र जाटव, उम्र 18 वर्ष, निवासी धरमपुरा, अंबेडकर वार्ड, थाना मोतीनगर।
आरोपी अरविंद एवं सुरेंद्र को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से प्राप्त जेल वारंट के पालन में आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।







