किसना ज्वेलर्स चोरी कांड: झारखंड के साहिबगंज से जुड़ा 12 करोड़ की चोरी का नेटवर्क, अब्जुल निकला गिरोह का मास्टरमाइंड, कोलकाता से पकड़े गए बदरुद्दीन ने खोले गिरोह के राज
वारदात के बाद सातों आरोपी ऑटो से पहुंचे रेलवे स्टेशन, दानापुर एक्सप्रेस से प्रयागराज होकर हुए फरार

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करीब 12 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे अंतरराज्यीय चोर गिरोह की परतें खुलती जा रही हैं। कोलकाता से गिरफ्तार आरोपी बदरुद्दीन खान से पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना की पहचान झारखंड के साहिबगंज निवासी अब्जुल के रूप में हुई है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। हालांकि, अब तक चोरी गए बेशकीमती आभूषणों की बरामदगी को लेकर पुलिस के हाथ कोई ठोस सफलता नहीं लगी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बदरुद्दीन ने वारदात के बाद गिरोह के भागने का पूरा घटनाक्रम बताया है। जानकारी के मुताबिक, शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह के सभी सात सदस्य वहां से निकलकर ऑटो के जरिए कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सभी दानापुर एक्सप्रेस में सवार होकर प्रयागराज रवाना हुए। प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद आरोपियों ने एक साथ रहने के बजाय अलग-अलग रास्ते पकड़ लिए, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सात सदस्यों में से छह झारखंड के साहिबगंज जिले के रहने वाले हैं। गिरोह का कथित सरगना अब्जुल भी इसी जिले का निवासी बताया गया है। उसकी तस्वीर शोरूम के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसे पुलिस जांच में अहम सुराग मान रही है।
चार विशेष टीमें अलग-अलग राज्यों में कर रहीं तलाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में सामने आ रही प्रत्येक जानकारी का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। फरार सरगना अब्जुल सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए करोड़ों के आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित कर विभिन्न राज्यों में सक्रिय हैं। टीमें प्रयागराज, झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती गिरोह के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी गए आभूषणों का पता लगाना है। 12 करोड़ की इस सनसनीखेज चोरी का पूरा नेटवर्क सामने आने और माल की बरामदगी के बाद ही वारदात की कई अहम कड़ियों से पर्दा उठ सकेगा।







