देश

कांग्रेस में जिले से तय होंगे निकाय चुनाव के टिकट, कांग्रेस की नई पॉलिसी पर बोले संगठन प्रभारी मनु मिश्रा, कहा – वार्ड और बूथ लेबल पर मजबूत करेंगे पार्टी

कटनी, यशभारत। नगरीय निकाय चुनाव में इस बार कांग्रेस के टिकट जिला स्तर से ही बंटेंगे। टिकट के लिए दावेदारों को भोपाल के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रभारी और जिला कांग्रेस कमेटियों को पावरफुल बना दिया है। यह बात आज दोपहर आस्था प्लाजा स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कटनी जिला कांग्रेस के संगठन प्रभारी मनु मिश्रा ने कही। उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने भोपाल में उन विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं की बैठक की है जहां कांग्रेस को पिछले तीन या चार चुनाव से हार का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी इन सीटों को ध्यान में रखकर अलग से रणनीति तैयार कर रही है।

दमोह के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनु मिश्रा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। आज उन्होंने कटनी आकर समन्वय समिति की बैठक ली। उन्होंने मीडिया को बताया कि दस दिन बाद वे फिर कटनी आकर कांग्रेसजनों की बड़ी बैठक करेंगे, जिसमें सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ संगठन की मजबूती के लिए संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद, पंचायत और विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर ब्लॉक, मंडलम और वार्ड से लेकर बूथ स्तर पर कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में 25 लोगों की कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें एक अध्यक्ष भी होगा। नए और पुराने कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर पार्टी को मजबूत करेंगे। वार्ड और बूथ कमेटी में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधित्व होगा।

अध्यक्ष बनने पहले दिल्ली भोपाल के चक्कर काटते थे

संगठन प्रभारी मनु मिश्रा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी की सोच के मुताबिक संगठन सृजन अभियान के अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं, फिर भी जो लोग कसौटी पर खरे नहीं उतर पा रहे ऐसे एक दर्जन से ज्यादा जिलाध्यक्षों को बदलने की प्रकिया भी चल रही है। उन्होंने कहा कि पहले जिलाध्यक्ष बनने के लिए भोपाल और दिल्ली के चक्कर काटने होते थे, अब सृजन अभियान के तहत केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की और उनकी पसंद के नेता को अध्यक्ष बनाया। उन्होंने कहा कि संगठन में कोई परमानेंट नहीं रहता। भूमिकाएं बदलती रहती है, लेकिन सभी को मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना है। मनु मिश्रा ने बताया कि जल्द ही ब्लॉक, मंडलम और बूथ स्तर पर टीमें आकार ले लेंगी। पार्टी की अनुशासन समिति भी बनाई जा रही है, जो गाइडलाइन के हिसाब से काम करेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार कटनी जिले में सभी चुनावों के बेहतर नतीजे देखने मिलेंगे। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस शहर के अध्यक्ष अमित शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियदर्शन गौर,  विधानसभा प्रभारी राजेश चौबे, महेंद्र जैन, प्रशांत जायसवाल आदि की मौजूदगी रही।

IMG 20260430 160718680 HDR scaled

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button