हाई कोर्ट के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव, एक साल पहले हुई मौत की फिर होगी जांच
भाई ने हत्या का लगाया आरोप, एक साल से पुलिस कार्रवाई न होने पर पहुंचा हाईकोर्ट

जबलपुर,यशभारत। नरसिंहपुर जिले में एक वर्ष पुराने संदिग्ध मौत के मामले में मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद नया मोड़ आ गया है। मृतक जसुद्दीन कुरैशी (51) वर्ष की 27 मार्च 2025 को हुई मौत को लेकर अब हत्या की आशंका के बीच शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी ने शुरुआत में बताया था कि जसुद्दीन कुरेशी की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई थी। वहीं मृतक के भाई कासिमुद्दीन कुरैशी ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले एक वर्ष से वे नरसिंहपुर पुलिस से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने एसपी, डीएसपी तथा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई, परंतु राहत नहीं मिलने पर अंततः हाई कोर्ट की शरण ली।
कासिमुद्दीन कुरैशी ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि जसुद्दीन की मौत के बाद उनकी पत्नी और बच्चे संपत्ति बेचने में जुट गए थे। साथ ही, मृतक के कपड़े भी जला दिए गए, जिससे उन्हें हत्या की आशंका और प्रबल लगी। इसी आधार पर उन्होंने न्यायालय से निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की सुनवाई करते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर की खंडपीठ—न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल एवं न्यायमूर्ति अवनिंद्र कुमार सिंह—ने रिट अपील क्रमांक 371/2026 में महत्वपूर्ण आदेश पारित किया। कोर्ट ने अधारताल एसडीएम को निर्देश दिए कि शव को कब्र से निकलवाकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर भेजा जाए और उसी दिन पोस्टमार्टम कराया जाए।
हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में जबलपुर के मदर टेकरी कब्रिस्तान में प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई। तहसीलदार नीलू बागरी की उपस्थिति में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।







