कटनी

रिहायशी बस्ती में घुसा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने किया सफल रेस्क्यू

कटनी/पन्ना, यशभारत। दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सिमरिया तहसील के ग्राम रैकरा में रविवार को एक घर के चारा भंडारण कक्ष में घुसी वयस्क मादा तेंदुए का वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि तेंदुए के घर में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। कई घंटों तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान में दक्षिण पन्ना वनमंडल एवं पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्रीय रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से कार्य किया। अंतत: रात्रि लगभग 1 बजे तेंदुए को सुरक्षित रूप से गांव से बाहर निकाला गया। प्रारंभ में वन विभाग द्वारा तेंदुए को बिना किसी नुकसान के स्वाभाविक रूप से बाहर निकलने का अवसर दिया गया। इसके लिए मकान का निकास मार्ग खुला रखा गया तथा आसपास की भीड़ एवं शोरगुल को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। रात्रि लगभग 9.10 बजे तक प्रतीक्षा करने के बाद भी तेंदुआ बाहर नहीं निकला। इसके पश्चात रात्रि 10 से 12 बजे के बीच पिंजरे की सहायता से उसे सुरक्षित पकडऩे के प्रयास किए गए। इन प्रयासों के सफल नहीं होने पर मध्यरात्रि के बाद तेंदुए को ट्रैंक्लिाइज किया गया। इस पूरी कार्यवाही में ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ तेंदुए को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
रेस्क्यू अभियान में ये रहे शामिल
रेस्क्यू अभियान में मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल मिश्रा के नेतृत्व में उपवन क्षेत्रपाल देवी सिंह यादव, वनपाल जयप्रकाश नारायण दुबे, गोविंद प्रजापति, हर प्रसाद अहिरवार, हरिशंकर अहिरवार, जगदीश अहिरवार, राजेंद्र पटेल एवं भानु प्रताप सिंह तथा वनरक्षक संदीप राय, रश्मि चौरसिया, संगीता अहिरवार, ओम प्रकाश सिंह, अमित कोरी एवं रामदयाल सूत्रकार, सुरक्षा श्रमिक हलके यादव एवं हुकम सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्रीय रेस्क्यू टीम ने भी इस अभियान में अतिमहत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पन्ना टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक एवं वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव गुप्ता के निर्देशन और नेतृत्व में टीम के सदस्य उदय मणि सिंह परिहार, अरविंद रैकवार, तफशील खान, अर्जुन पाल एवं पुरुषोत्तम यादव ने तेंदुए को सुरक्षित पकडऩे की कार्यवाही में सराहनीय योगदान दिया। वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना एवं उपवनमंडलाधिकारी रचना शर्मा भी संपूर्ण रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर उपस्थित रहकर कार्यवाही का समन्वय एवं निगरानी करते रहे। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति एवं रात्रि के समय सीमित दृश्यता के कारण कार्यवाही चुनौतीपूर्ण रही। ऐसी परिस्थितियों में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं सिमरिया थाने के पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा रेस्क्यू टीम को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग दिया।02 3

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button