कटनी

बस स्टेंड पुलिस चौकी में श्रमिक से मारपीट के मामले में नपे दो पुलिसकर्मी, एसपी ने किया निलंबित, शिकायत के बाद लिया एक्शन

कटनी, यशभारत। बस स्टैंड चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों द्वारा एक श्रमिक के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को हिरवारा कौडिय़ा निवासी श्रमिक अविनाश प्रजापति द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत एवं प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि बस स्टैंड चौकी में पदस्थ आरक्षक 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति द्वारा बिना किसी प्राथमिक तस्दीक एवं वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए श्रमिक को चौकी में निरुद्ध किया गया तथा उसके साथ मारपीट की गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस अधिकारियोंध्कर्मचारियों का व्यवहार गंभीर रूप से असंवेदनशील पाया गया। साथ ही पद के दुरुपयोग एवं आमजन के प्रति अनुचित आचरण किए जाने के संकेत भी मिले हैं। मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा आरक्षक अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है। पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। वहीं बस स्टैंड चौकी प्रभारी की भूमिका की भी जांच किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button