
1119 आवास बने, आवंटन के लिए दिसंबर तक का इंतजार
समय-सीमा बैठक में खुली विभागीय कामकाज की परतें

सफाई में लापरवाही पर नोटिस और राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश
कटनी, यशभारत। शहर में आवास, सफाई और राजस्व वसूली जैसे बुनियादी कामों की रफ्तार बढ़ाने के लिए नगर निगम प्रशासन को अब समय-सीमा तय करनी पड़ रही है। आईएचएसडीपी योजना के तहत तीन बस्तियों में 1119 आवास बनने के बावजूद पात्र हितग्राहियों को आवंटन की प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे योजना के क्रियान्वयन और आवंटन में लग रहे समय का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने समय-सीमा बैठक में विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई। दीपावली के दौरान सफाई मित्रों की कम उपस्थिति पर संबंधित वार्ड दरोगाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। लिपिकीय कार्यों में लापरवाही पर सहायक ग्रेड-2 संजय चौदह और उप स्वच्छता पर्यवेक्षक मयंक परौहा को भी नोटिस देने को कहा।
राजस्व वसूली की स्थिति पर निगमायुक्त ने बड़े बकायेदारों से घर-घर संपर्क करने और दैनिक कार्ययोजना के जरिए वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। नामांतरण प्रकरणों में देरी पर संबंधित लिपिक को दूसरी शाखा में पदस्थ करने को कहा गया। ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले व्यवसायियों को भी नोटिस जारी होंगे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने और निगम से संबंधित नहीं होने वाली शिकायतें संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई गई। आगामी बजट को लेकर अधिकारियों से वार्डों का भ्रमण कर वास्तविक जरूरतों का आकलन करने को कहा गया। जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







