सब्जी मंडी में इलेक्टिल दुकान में दीवार में सेंध लगाकर 3 लाख की चोरी

कटनी,यशभारत। बिलैया तलैया सब्जी मंडी स्थित शंकर इलेक्ट्रिकल को निशाना बनाते हुए 3 लाख रुपए की चोरी कर ली। चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए और टीवी कीमती इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स के साथ नकदी लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजाज बैग हाउस के बाजू से सब्जी मंडी की गली में शंकर इलेक्ट्रिकल्स के नाम से LED टीवी डिस्प्ले रिपेयरिंग की दुकान संचालित है। दुकान का संचालन शंकर यादव और उनके पुत्र समीर यादव द्वारा किया जाता है। समीर यादव ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। रविवार को दुकान बंद रहती है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब पिता-पुत्र दुकान पहुंचे और अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। दुकान की अंदरूनी दीवार टूटी हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। प्राप्त जानकारी अनुसार चोर दुकान में रखी करीब 80 से 90 हजार रुपए कीमत की टीवी आईसी और लगभग 2 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो चुके थे। इस तरह चोरी की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना की जानकारी पीड़ित दुकानदार द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी है।







