मुख्य ख़बरें

चेतावनी हवा में उड़ी, अब मातम में डूबा क्षेत्र ; हाथी के हमले में पशुपालक महिला की दर्दनाक मौत…. देखें पूरा वीडियो

पशु चराने गई रामबाई यादव पर हाथी ने किया हमला, पिछले पखवाड़े से बजाग और समनापुर क्षेत्र में विचरण कर रहा था हाथी

यशभारत डिंडोरी।डिंडौरी जिले के वन परिक्षेत्र गौरा-कन्हारी अंतर्गत ग्राम कोदवडीह में हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान रामबाई यादव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला पशुओं को चराने के लिए गई थी, इसी दौरान अचानक हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि संबंधित हाथी पिछले करीब एक पखवाड़े से बजाग और समनापुर क्षेत्र में विचरण कर रहा था। इसके बावजूद हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर सतर्कता कितनी प्रभावी रही, यह सवाल अब चर्चा में है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क रहने, जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और हाथी दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।

सवाल यह भी है कि जब हाथी पिछले पखवाड़े से आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास विचरण कर रहा था, तो ग्रामीणों को समय रहते पर्याप्त सतर्कता और सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के लिए क्या कदम उठाए गए?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button