सूपाताल में क्षतिग्रस्त पुलिया बनी हादसों का सबब,दो महीने से खुला चैंबर दे रहा दुर्घटना को आमंत्रण, जिम्मेदार मौन
लोहे की सरिया बाहर, बढ़ा बड़ा खतरा

जबलपुर,यश भारत । रानी दुर्गावती वार्ड अंतर्गत सूपाताल तालाब के पास जल निकासी के लिए नगर निगम द्वारा लगभग एक साल पहले बनवाई गई पुलिया अब स्थानीय रहवासियों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। इस पुलिया का चैंबर पिछले दो महीनों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ा है, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते इसकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है।
लोहे की सरिया बाहर, बढ़ा बड़ा खतरा
पुलिया के चैंबर का सारा मसाला पूरी तरह झर चुका है, जिससे उसमें लगी नुकीली लोहे की सरिया बाहर झांक रही हैं। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चों, दोपहिया चालकों और बुजुर्गों के लिए यह खतरनाक स्थिति किसी बड़े हादसे को खुला आमंत्रण दे रही है। इसके बावजूद निगम प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि आंखें मूंदे बैठे हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और पार्षद भी इस समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं। दो महीने से क्षतिग्रस्त इस चैंबर की सुधि न लेना नागरिकों की जान से खिलवाड़ है।
स्थानीय नागरिकों में प्रशासन की इस लापरवाह कार्यशैली के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय निवासी नरेंद्र संदेले ने चिंता जताते हुए कहा कि खुला हुआ और जर्जर चैंबर कभी भी किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है, और रात के समय यहां से गुजरना और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है। वहीं, गजेंद्र दूबे का कहना है कि
कई बार मौखिक शिकायत करने के बाद भी नगर निगम के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं। रामू देशराज व मूलचंद चौधरी ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि समय रहते यदि इस पुलिया की मरम्मत नहीं की गई, तो जनता बड़ा
कदम उठाने को मजबूर होगी, इसलिए प्रशासन को तुरंत इस ओर ध्यान देना चाहिए।
क्षेत्र की जनता ने एक स्वर में निगम आयुक्त और प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराई जाए







