बरही अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच शुरू,नगर परिषद के रिकॉर्डों की हो रही जांच, कर्मचारियों से पूछताछ और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जब्ती शुरू
फायर ब्रिगेड की उपलब्धता से लेकर रखरखाव और अग्नि सुरक्षा इंतजामों तक की होगी पड़ताल

कटनी, यशभारत । बरही में हुये अग्नि हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। हादसे के कारणों और अग्निशमन व्यवस्था में संभावित कमियों का पता लगाने के लिए प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को जांच दल ने बरही नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर प्रारंभिक पड़ताल शुरू की। जांच के दायरे में फायर ब्रिगेड की उपलब्धता, उसकी कार्यप्रणाली, रखरखाव और नगर में अग्नि सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा के निर्देश पर जांच दल के सदस्य एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे ने नगर परिषद कार्यालय में संबंधित अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेकर पूछताछ भी की। इस दौरान एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता भी उपस्थित रहे। जांच टीम द्वारा नगर परिषद में उपलब्ध फायर ब्रिगेड की स्थिति, उसके रखरखाव, संचालन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही शासन द्वारा जारी अग्निशमन एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है। अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन करने के साथ आवश्यक अभिलेखों को जब्त करने की कार्रवाई भी प्रारंभ की गई है। मजिस्ट्रियल जांच में घटना के प्रत्येक पहलू की पड़ताल कर तथ्य एवं साक्ष्य संकलित किए जाएंगे, ताकि अग्निकांड के कारणों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि बरही में स्वर्गीय पूरन लाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित प्लास्टिक व क्रॉकरी की दुकान में भीषण आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस अग्निकांड में मकान और दुकान का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर चार सदस्यीय जांच दल गठित किया है।
मजिस्ट्रियल जांच के लिए साक्ष्य आमंत्रित
बरही में हुए अग्नि हादसा में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु और दुकान में रखी प्लास्टिक एवं क्राकरी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट होने की घटना की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी द्वारा जारी आदेश के तहत अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जांच दल को घटना की विस्तृत जांच का दायित्व सौंपा गया है। मजिस्ट्रियल जांच समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्र ने जांच के मद्देनजर आम नागरिकों, प्रत्यक्षदर्शियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं से घटना से संबंधित जानकारी, साक्ष्य, दस्तावेज और अन्य प्रासंगिक तथ्य उपलब्ध कराने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष का आग्रह किया है। इच्छुक व्यक्ति 11 नवंबर से 20 नवंबर तक किसी भी कार्यालयीन कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपने बयान, गवाही अथवा साक्ष्य दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए कार्यालय कलेक्टर कटनी स्थित अपर कलेक्टर कक्ष अथवा कार्यालय तहसीलदार बरही स्थित तहसीलदार कक्ष में स्वयं उपस्थित होकर या अपने अभिभावक अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से जानकारी प्रस्तुत किया जा सकता है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त होने वाले मौखिक अथवा लिखित साक्ष्यों पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत किया जाएगा।








