धनतेरस पर हर बाजार में बरसी लक्ष्मी 200 करोड़ से अधिक का कारोबार

जबलपुर, यश भारत । धनतेरस के अवसर पर जबलपुर के बाजारों में इस बार जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों, शोरूम और व्यापारिक प्रतिष्खनों में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी थी। सोने-चांदी के आभूषणों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़े और दीपावली की सजावटी सामग्री तक की जमकर खरीदारी हुई। कन्फेडरेशन ऑफऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) जबलपुर के अनुसार शाम 5 बजे तक शहर में करीब 193 करोड़ 50 लाख रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। व्यापारियों के लिए धनतेरस का दिन खासा उत्साहजनक रहा।
सराफा बाजार में सबसे ज्यादा चमकी खरीदारी
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। यही वजह रही कि सराफ बाजार में ग्राहकों की सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई दी। सोने-चांदी के आभूषणों, सिकों और हीरे-जवाहरात की खरीदारी से करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। आभूषणों के शोरूम से लेकर छोटे सराफ प्रतिष्ठानों तक दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस का खास असर दिखाई दिया। कैट के आकलन के मुताबिक इस क्षेत्र में करीब 52 करोड़ 50 लाख रुपये का कारोबार हुआ। शहर में लगभग 1500 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई, जिनसे करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। औसतन 15 लाख रुपये प्रति कार के हिसाब से चारपहिया वाहनों का कारोबार लगभग 37 करोड़ 50 लाख रुपये रहा।

इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और किराना बाजार में भी रौनक
मोबाइल फोन, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी से करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। कपड़ा और रेडीमेड वस्त्रों के बाजार में भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही और लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई। दीपावली के पकवानों और अन्य तैयारियों के लिए किराना एवं खाद्य सामग्री की खरीदारी में तेजी रही। इस क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
दीपावली की सजावट और पूजन सामग्री की भी खूब बिक्री
धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते स्टील, पीतल, तांबे और क्रॉकरी की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। वहीं घरों और दुकानों को रोशन करने के लिए झालर, आकर्षक लाइटिंग और सजावटी इलेक्ट्रिकल सामान की मांग बढ़ी। इस क्षेत्र में करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, मिट्टी के दीपक, दीये, फूल-मालाओं और पूजन सामग्री की बिक्री से लगभग 3 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।

छोटे कारोबारियों को भी मिला त्योहार का लाभ
जूते-चप्पल, फैशन और व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी से करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। फर्नीचर और घरेलू सजावट से जुड़ी वस्तुओं की बिक्री लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये रही। बेकरी उत्पादों, फ्ल और अन्य खाद्य वस्तुओं से करीब 2 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसके अलावा पैकिंग सामग्री, परिवहन और अन्य व्यापारिक सहायक सेवाओं में लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की आर्थिक गतिविधियां दर्ज की गई। कैट के मुताबिक इस बार धनतेरस के कारोबार में बड़े शोरूम और प्रतिष्ठानों के साथ छोटे दुकानदारों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं, कारीगरों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। कुल मिलाकर धनतेरस ने शहर के व्यापार को अच्छी गति दी और दीपावली से पहले बाजारों में उत्साह का माहौल बना दिया।







