सात जिलों में खुलेंगे वरिष्ठजन आश्रम, तीन में नशामुक्ति केंद्र
दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों की व्यवस्था होगी मजबूत

जबलपुर,यशभारत। मध्यप्रदेश के सात जिलों में नए वरिष्ठजन आश्रम और देवास, शिवपुरी तथा श्योपुर में नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई। मंत्री ने प्रदेश के सभी 51 जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों को मजबूत बनाने, रिक्त पद भरने और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी के लिए ऑनलाइन प्रणाली विकसित की जा रही है। सभी संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए।
89 वृद्धाश्रमों में 2423 वरिष्ठजन
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के 89 वृद्धाश्रमों में 2423 वरिष्ठजन रह रहे हैं। उमरिया, पांढुर्णा, बुरहानपुर, मऊगंज, अलीराजपुर और बड़वानी सहित सात जिलों में नए वरिष्ठजन आश्रम शुरू करने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। वर्तमान में 22 जिलों में 31 नशामुक्ति केंद्र संचालित हैं।
विवाह योजनाओं में करोड़ों रुपये खर्च
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 12,523 हितग्राहियों पर 68.87 करोड़ रुपये खर्च किए गए। निकाह योजना में 315 हितग्राहियों को 1.73 करोड़ रुपये दिए गए। दिव्यांग विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोटराइज्ड ट्राइसिकल के लिए सहायता राशि 35 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर है। विभाग की पेंशन योजनाओं से 56.54 लाख हितग्राहियों को प्रतिमाह लगभग 339.23 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। बैठक में प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






