ट्रक में रीफिलिंग करते तीन आरोपी गिरफ्तार, 96 सिलेंडर जब्त

कोलार में गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी का भंडाफोड़, ट्रक में रीफिलिंग करते तीन आरोपी गिरफ्तार, 96 सिलेंडर जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गैस रीफिलिंग के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक आइशर ट्रक में अवैध रूप से गैस रीफिलिंग कर रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से 96 भरे और खाली गैस सिलेंडरों के साथ रीफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले हाई-प्रेशर नोजल और अन्य आधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घनी आबादी या सुनसान इलाकों में इस तरह से खुलेआम ट्रकों के जरिए गैस रीफिलिंग का खेल चल रहा था। यह लापरवाही कभी भी किसी बड़े अग्निकांड या भीषण हादसे का कारण बन सकती थी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रीफिलिंग व ब्लैक मार्केटिंग में लिप्त अन्य लोगों की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
कोलार पुलिस ने ट्रक और बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इस सिंडिकेट के तार किन-किन गैस एजेंसियों या अन्य बड़े सप्लायरों से जुड़े हैं। मामले में आगे और भी खुलासे होने की उम्मीद है







