हीरापुर कौडिय़ा में ढाई करोड़ से बनेगा बिजली सब स्टेशन, 19 गांवों के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज से मिलेगी राहत, किसानों को मिलेगी निर्बाध बिजली

कटनी, यशभारत। ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली फाल्ट की समस्या से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के देवरीहटाई मंडल के अंतर्गत ग्राम हीरापुर कौडिय़ा में 33/11 केवी क्षमता का नया विद्युत सब स्टेशन बनाया जा रहा है, इसके निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सब स्टेशन के लिए लिए 0.25 हेक्टेयर जमीन का आवंटन भी किया जा चुका है। अब निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन पांडेय ने बताया कि वर्ष 2019 से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। वर्ष 2019 से लगातार जनप्रतिनिधियों एवं विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की बिजली समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद क्षेत्रवासियों की बहुप्रतिक्षित मांग पूर्ण हुई। उन्होंने कहा कि नया सब स्टेशन शुरू होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इससे करीब एक हजार किसानों को लाभ मिलेगा। फाल्ट और लो वोल्टेज कारण के ग्रामीणों व किसानों को सिंचाई सहित अन्य कृषि कार्यों में परेशानी होती थी। क्षेत्र के ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन पांडेय ने अथक प्रयासों के बाद हीरापुर कौडिय़ा को यह सौगात मिलने जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि अब खेती, पशुपालन, बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय और रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली बिजली की समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद्र जगेगी। श्री पांडे ने हीरापुर कौडिय़ो में विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत होने पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद श्रीमति हिमाद्री सिंह, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभाार व्यक्त किया है।




