शराब बिक्री को लेकर महिलाओं ने घेरा एसपी ऑफिस, अवैध कारोबार बंद कराने लगाई गुहार

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नन्हवारा सेझा की दर्जनों महिलाएं मंगलवार को आक्रोशित होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। महिलाओं ने एसपी के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए गांव में धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब की बिक्री को तत्काल बंद कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसपी कार्यालय पहुंचीं ग्रामीण महिलाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उनके गांव नन्हवारा में अवैध शराब की पैकारी का कारोबार पैर पसार चुका है। हालात यह हैं कि शराब पीने वाले असामाजिक तत्व रास्तों में खड़े होकर गाली गलौज और आए दिन मारपीट करते हैं। महिलाओं का कहना है कि इस खुलेआम उत्पात के कारण गांव का पारिवारिक और सामाजिक माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है। रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं, युवतियों और विशेषकर छोटे बच्चों के मानसिक विकास पर इसका बेहद नकारात्मक और बुरा असर पड़ रहा है। बच्चों के सामने हो रही इस अभद्रता से ग्रामीण बेहद चिंतित हैं। महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि गांव में चल रहे इस अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।







