वोट चोरी के आरोपों पर गांव-गांव चौपाल लगाएगी कांग्रेस, 25 नवंबर तक चलेगा अभियान, महाराष्ट्र के सांसद कल्याण काले ने कहा : मतदाता सूची से नाम कटने, फार्म-6 और ईवीएम पर उठेंगे सवाल

कटनी, यशभारत। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस अब गांव-गांव चौपाल लगाकर जनता के बीच चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठाएगी। 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलने वाले अभियान को लेकर महाराष्ट्र के सांसद कल्याण काले ने पत्रकारवार्ता में कहा कि संविधान ने नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है, फिर मतदाता सूची से नाम कटने और फार्म-6 में कथित गड़बड़ियों की शिकायतों पर जवाबदेही क्यों नहीं तय होती? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और ईवीएम को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
काले ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 40 लाख वोट चोरी होने का मुद्दा उठाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव चौपाल लगाकर मतदाता सूची, वोट काटे जाने और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवाल जनता के सामने रखेंगे। पार्टी दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली के जरिए भी इस मुद्दे को उठाने की तैयारी में है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए काले ने कहा कि अभियान केवल वोट चोरी तक सीमित नहीं रहेगा। बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई, सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने और मेडिकल कॉलेजों को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और व्यापारियों के बीच भी कार्यक्रम आयोजित कर उनकी समस्याओं को सामने लाएगी।
काले ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये करने की कांग्रेस की मांग दोहराई और उद्योगपतियों की कर्जमाफी को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौपालों के माध्यम से जनता को सरकार की नीतियों और उनके प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।
पत्रकारवार्ता के दौरान मंडला जिले की बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण पट्टा, जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी मनु मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, कांग्रेस नेता राकेश जैन कक्का सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






