आबकारी विभाग का देर रात छापा, कई रेस्टोरेंट में दबिश

आबकारी विभाग का देर रात छापा, कई रेस्टोरेंट में दबिश
अवैध शराब परोसने पर 40 प्रकरण दर्ज, बाइक से तस्करी करते दो पकड़े, आकाश रिट्रीट से 49.8 लीटर विदेशी शराब जब्त
भोपाल, यश भारत। राजधानी में अवैध शराब की बिक्री और परोसने पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने देर रात अलग-अलग टीमों के साथ कार्रवाई की। इस दौरान केरवा डेम रोड स्थित वारी कंट्रीसाइड सवाया सहित कई रेस्टोरेंट में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब परोसने के मामलों में कुल 40 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं बाइक से शराब की तस्करी करते हुए दो लोगों को पकड़ा गया। आबकारी विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जांच कर शराब के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी। कार्रवाई के दौरान बैरागढ़ स्थित आकाश रिट्रीट से 49.8 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से शराब परोसने और उसकी तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के अनुसार अलग अलग टीमों ने निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किए। विभाग की ओर से अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।







