भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल रेल मंडल का ग्रीन पावर मिशन: सौर ऊर्जा से सालाना 2.23 करोड़ की होगी बचत

भोपाल रेल मंडल का ग्रीन पावर मिशन: सौर ऊर्जा से सालाना 2.23 करोड़ की होगी बचत
भोपाल, यशभारत। ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक सशक्त कदम उठाते हुए, भोपाल रेल मंडल (पश्चिम मध्य रेलवे) ने नवकरणीय ऊर्जा, विशेषकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया है। मंडल द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिला है, बल्कि रेलवे को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये के राजस्व की बचत भी हो रही है।
RESCO मोड से सबसे बड़ी बचत
मंडल के अंतर्गत RESCO (Renewable Energy Service Company) मोड पर स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र बड़ी बचत का केंद्र बन गए हैं। भोपाल, इटारसी, सांची रेलवे स्टेशन और डीआरएम कार्यालय सहित 7 स्थानों पर कुल 1.69 मेगावाट क्षमता के संयंत्र पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
इन संयंत्रों से प्रतिवर्ष लगभग 24 लाख यूनिट्स बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप मंडल को लगभग ₹223 लाख (2.23 करोड़ रुपये) की वार्षिक बचत हो रही है।
CAPEX मोड पर 71 स्थानों पर बिजली उत्पादन
इसके अलावा, मंडल ने CAPEX (Capital Expenditure) मोड पर 71 स्थानों पर लगभग 779 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए हैं। ये संयंत्र प्रतिमाह लगभग 93,000 यूनिट बिजली उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे मासिक रूप से लगभग ₹8.41 लाख की बचत हो रही है।
1.07 मेगावाट का रूफटॉप प्रोजेक्ट शुरू
भोपाल मंडल ने सौर ऊर्जा के उपयोग को और विस्तारित करते हुए हाल ही में एक और महत्वपूर्ण पहल की है। 1.07 मेगावाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट RESCO मोड पर 8 नए स्थानों – संत हिरदाराम नगर, विदिशा, शाजापुर, गुना, हरदा, व्यावरा राजगढ़, नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन और बीना मेमू शेड – पर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस नवीन परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 13 लाख यूनिट्स विद्युत उत्पादन की संभावना है। ये संयंत्र 25 वर्षों तक फर्म द्वारा संचालित किए जाएंगे।
सीनीयर डीसीएम सौरभ कटारिया ने इस पहल पर जोर देते हुए कहा, “नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में इन पहलों से न केवल रेल मंडल की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी, बल्कि यह सतत विकास की दिशा में एक सशक्त कदम भी सिद्ध होगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button