स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, मुख्य सप्लायर पुलिस गिरफ्त में, असम-मुंबई से बुलाई जाती थीं लड़कियां

कटनी, यशभारत। जिले में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार के काले कारोबार के खिलाफ महिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस रैकेट को संचालित करने और स्पा सेंटरों में लड़कियां सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर हनी गुप्ता को गिरफ्तार किया लिया है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। मुखबिर की सूचना पर महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में बरगवां स्थित नेचुरल थाई स्पा और अवा स्पा सेंटरों पर छापामार कार्रवाई की गई थी। मौके से कई लडक़े और लड़कियां आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए थे, जिसके बाद पुलिस ने लगभग 10 लोगों को पहले ही जेल भेज दिया था। जांच में खुलासा हुआ कि हनी गुप्ता पिछले 2-3 वर्षों से इस अवैध धंधे से जुड़ा हुआ था। वह नाम बदलकर अलग-अलग स्पा सेंटरों के संचालन में पर्दे के पीछे रहकर मुख्य भूमिका निभाता था। पुलिस ने उसके पास से लेनदेन के हिसाब किताब की रसीदें और मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस पूछताछ और सबूतों के मुताबिक हनी गुप्ता असम, बंगाल, राजस्थान, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों से लड़कियों को कटनी बुलवाता था। इन लड़कियों को स्पा सेंटर में काम के बदले कोई वेतन नहीं दिया जाता था, बल्कि केवल रहने और खाने की सुविधा दी जाती थी। स्पा सेंटरों का संचालन अमूमन वहां काम करने वाले सफाई कर्मियों या अन्य मामूली कर्मचारियों के नाम पर किया जाता था, जबकि असली मालिक पर्दे के पीछे रहकर खेल चलाते थे। पुलिस अब हनी गुप्ता के मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। जल्द ही और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।







