रंगमंच व्यक्तित्व विकास का प्रभावशाली माध्यम, अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन सहित कई विधाओं का प्रशिक्षण मिला छात्रों को, विंग्स थियेटर की अनूठी पहल

कटनी, यशभारत। युवा प्रतिभाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास निर्माण एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विंग्स थियेटर द्वारा रंगमंचीय नाट्य कार्यशाला का आयोजन ग्राम बिजौरी स्थित स्कूल में किया गया। कार्यशाला का संचालन एवं निर्देशन युवा रंगकर्मी, अभिनेता एवं निर्देशक हिम्मत गोस्वामी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला में विद्यार्थियों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन, संगीत, नृत्य, लोककला तथा रंगमंच की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ.साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे मंचीय गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझ सकें। हिम्मत गोस्वामी ने कहा कि रंगमंच केवल अभिनय की कला नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का एक प्रभावशाली माध्यम है। यह व्यक्ति में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और अभिव्यक्ति कौशल का विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को इम्प्रोवाइजेशन, समूह अभिनय, भावाभिव्यक्ति तथा संवाद प्रस्तुति की विभिन्न तकनीकों से परिचित कराया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने समूहों में लघु नाट्य प्रस्तुतियां तैयार कर मंचित कीं। नाट्य गीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं उपस्थित अतिथियों ने विंग्स थियेटर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विंग्स थियेटर द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली ऐसी कार्यशालाएं युवाओं को कला और संस्कृति से जोडऩे के साथ.साथ समाज के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा भी प्रदान कर रही हैं।







