नाबालिग चला रहे वाहन, अभिभावकों पर जुर्माना, बिना हेलमेट और मोबाइल से बात करने पर 47 वाहनों के कटे चालान

कटनी, यशभारत। यातायात पुलिस ने सडक़ सुरक्षा विशेष अभियान के तहत गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सिविल लाइन स्थित सेंट पॉल स्कूल के पास नाबालिग छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने तथा उन्हें वाहन चलाने की अनुमति देने वाले 5 अभिभावकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा बरगवां में जीडी मेमोरियल हॉस्पिटल के सामने ब्रिज के पास सडक़ पर अवैध एवं अव्यवस्थित तरीके से वाहन पार्क करने वाले 5 वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 14, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 13, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 6 तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 4 वाहन चालकों सहित कुल 47 से अधिक वाहनों के चालान किए गए। यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में थाने में जुर्माना जमा नहीं करने पर संबंधित चालान न्यायालय भेजे जाएंगे। यातायात पुलिस के अनुसार सडक़ सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







