Top-5देशमुख्य ख़बरेंविदेश

सऊदी अरब में हमलों के बाद दो एयरपोर्ट बंद, दिल्ली लौटाई गई एयर इंडिया की उड़ान

नई दिल्ली। सऊदी अरब में हवाई अड्डों और अन्य ठिकानों पर हमलों की खबरों के बाद हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI2243 को बीच रास्ते से वापस दिल्ली मोड़ दिया गया। वहीं, रियाद जाने वाली उड़ानों को 10 अक्टूबर तक रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा लौटाने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की उड़ान AI2243 ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। विमान गुजरात के ऊपर से गुजरने के बाद अरब सागर की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे वापस दिल्ली लौटने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के मद्देनजर विमान का मार्ग बदला गया। इस घटनाक्रम के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दो हवाई अड्डों पर हमलों की खबर

रिपोर्टों के मुताबिक, सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले हुए। इन घटनाओं के बाद दोनों हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। मीडिया रिपोर्टों में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति की मौत और कम से कम आठ लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है। हमले की जिम्मेदारी हूती विद्रोहियों द्वारा लिए जाने की बात भी सामने आई है।

एयरलाइंस ने उड़ानें कीं रद्द

सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें 10 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की जानकारी दी है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

सऊदी अरब में मौजूदा हालात को देखते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए परामर्श जारी किया है। इसमें नागरिकों को सतर्क रहने, आवश्यकता के अनुसार घरों के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। दूतावास ने यह भी कहा है कि घटनाओं से जुड़े वीडियो या अपुष्ट समाचारों को सोशल मीडिया पर साझा करने अथवा दोबारा पोस्ट करने से बचें।

दूतावास के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित कार्यालयों की ओर से आगे की जानकारी और नए परामर्श जारी किए जाएंगे। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24 घंटे उपलब्ध टोल फ्री हेल्पलाइन 8002471234 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

भारत ने हमलों की निंदा की

भारत के विदेश मंत्रालय ने रियाद और आभा के हवाई अड्डों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। मंत्रालय ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने इस मुश्किल घड़ी में सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ एकजुटता भी जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button