बुजुर्ग कपल ने मांगी लोअर बर्थ, युवक ने रख दी ऐसी शर्त कि आप भी चौंक जाएंगे

3AC कोच में सीट बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आया मामला
जबलपुर , यश भारत। ट्रेन के 3AC कोच में साइड लोअर बर्थ बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आया एक मामला चर्चा में है। वायरल पोस्ट के मुताबिक, एक बुजुर्ग दंपती ने साइड लोअर बर्थ पर बैठे एक युवक से सीट बदलने का अनुरोध किया। दंपती ने उम्र का हवाला देते हुए नीचे की बर्थ पर सफर करने की जरूरत बताई और युवक से ऊपर वाली बर्थ लेने को कहा। पोस्ट के अनुसार, युवक ने सीट बदलने से पहले अपनी टिकट की कीमत का हवाला दिया। उसने बताया कि साइड लोअर बर्थ के लिए उसने करीब 2,100 रुपए चुकाए हैं। इसके बाद युवक ने कहा कि अगर दंपती उसकी सीट चाहते हैं तो टिकट की आधी कीमत यानी 1,050 रुपए देने होंगे। युवक की यह बात सुनकर बुजुर्ग दंपती ने सीट बदलने की मांग छोड़ दी और युवक अपनी साइड लोअर बर्थ पर ही बैठा रहा। इस पूरे घटनाक्रम को ऊपर वाली बर्थ से देख रही एक महिला यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला वायरल हो गया। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने बुजुर्गों के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए सीट छोड़ने की बात कही, जबकि कुछ यात्रियों का कहना है कि टिकट पर आवंटित बर्थ को बदलना यात्री की इच्छा पर निर्भर करता है।
हालांकि, वायरल पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि घटना किस ट्रेन में हुई और संबंधित यात्रियों की पहचान क्या है।







