व्हीकल मोड़ पर पकड़ा गया संदिग्ध शख्स, खुद को बताया पाकिस्तानी,पहचान का खेल या कोई बड़ी वजह?, देखे वीडियो ……

जबलपुर,यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र के व्हीकल मोड़ पर एक संदिग्ध व्यक्ति की अजीबोगरीब हरकतों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने जब उससे पूछताछ की तो वह अपनी पहचान बताने के बजाय अलग-अलग नाम उछालता रहा। कभी खुद को हामिद अंसारी बताया, कभी शुभम दुबे और फिर शिवा पाटिल नाम बता दिया। एक ही व्यक्ति के तीन अलग-अलग नाम सामने आने से मौके पर मौजूद लोगों का शक गहरा गया और देखते ही देखते मामला पुलिस तक पहुंच गया।
एक शख्स, तीन नाम और कई सवाल
संदिग्ध की पहचान को लेकर लगातार बदलते बयानों ने पूरे मामले को उलझा दिया है। आखिर उसकी असली पहचान क्या है? वह बार-बार नाम क्यों बदल रहा था? व्हीकल मोड़ पर उसके पहुंचने का मकसद क्या था? इन सवालों ने पुलिस के सामने जांच की नई चुनौती खड़ी कर दी है।
रक्षा क्षेत्र के पास संदिग्ध की मौजूदगी से बढ़ी सतर्कता
व्हीकल मोड़ का इलाका रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ा होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह कहां से आया था और उसकी बताई गई पहचान में सच्चाई कितनी है।
जांच के बाद खुलेगा पहचान का राज
फिलहाल संदिग्ध की वास्तविक पहचान को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। उसके अलग-अलग नाम बताने के पीछे क्या कारण है, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस उसकी पहचान और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में ही स्पष्ट होगा कि उसने जानबूझकर पहचान छिपाई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। तीन नाम बताकर लोगों को उलझाने वाले इस शख्स ने फिलहाल रांझी पुलिस को जांच में लगा दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन तीन नामों के पीछे छिपी वास्तविक पहचान क्या है और व्हीकल मोड़ पर उसकी मौजूदगी का असली कारण क्या था।







