कटनी

अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग से जाम, आजाद चौक से गाटरघाट, चांडक चौक से नदीपार तक वाहनों की कतारें, नगर निगम और यातायात पुलिस की भूमिका पर प्रश्नचिन्ह

कटनी, यशभारत। शहर में बढ़ता अतिक्रमण, सडक़ किनारे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और लगातार बढ़ता यातायात दबाव अब आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। आजाद चौक से गाटरघाट मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें अब आम बात हो गई है। चांडक चौक से नदीपार में रविदास चौराहा मार्ग तक भारी वाहनों की कतार से आम आदमी हलाकान है। आजाद चौक की संकरी सडक़ों पर जगह-जगह दोपहिया और चार पहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के चलते सडक़ पर आवागमन के लिए जगह कम होती जा रही है। यही स्थिति मिशन चौक से चांडक चौक तक भी दिखाई देती है, जहां सडक़ के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग और कई स्थानों पर सडक़ तक फैला अतिक्रमण यातायात में बाधा बन रहा है। अतिक्रमण नियंत्रण और सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने में नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के बीच नगर निगम की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। यदि कार्रवाई के बाद भी उसी स्थान पर दोबारा अतिक्रमण हो जाता है और सडक़ का हिस्सा फिर से घिर जाता है, तो केवल चालान काटना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालानी कार्रवाई के बावजूद अतिक्रमणकारियों को दोबारा सडक़ किनारे दुकान, ठेला या अन्य सामग्री लगाने से प्रभावी रूप से नहीं रोका जाता। यदि ऐसा हो रहा है तो यह जांच का विषय है कि क्या कहीं कार्रवाई के नाम पर अतिक्रमण को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा तो नहीं मिल रहा।
समन्वित प्रयासों से सुधरेगा ट्रैफिक
शहर में स्थिति यह बनती जा रही है कि जहां सडक़ पहले से संकरी है, वहीं अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग का दबाव सबसे ज्यादा दिखाई देता है। इसका परिणाम वाहनों की लंबी कतार और जाम के रूप में सामने आ रहा है। आजाद चौक से गाटर घाट, मिशन चौक से चांडक चौक तथा चांडक चौक से रविदास चौराहा तक यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम तथा यातायात विभाग को समन्वित कार्रवाई करनी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button