कटनी

गांजे के बड़े रैकेट का पर्दाफाश, उड़ीसा तक जुड़े तार, दो पिकअप से साढ़े 4 करोड़ का सवा 9 क्विंटल गांजा बरामद, कपड़ों के गट्ठरों के बीच छिपाकर तस्करी कर रहे 6 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों में दो महिलाएं कटनी की

कटनी, यशभारत। उड़ीसा से कटनी आ रही गांजे की एक बड़ी खेप को पकडऩे में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो पिकअप से करीब 9 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद किया है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख रुपए आंकी गई है। तस्करों ने गांजे को कपड़ों के गट्ठरों के बीच छिपाकर रखा था। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमे से दो महिलाएं कटनी की रहने वाली हैं, जबकि चार आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बताए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में नागपुर चौकी पुलिस ने की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा से कटनी ले जाया जा रहा था। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक विगत दिवस नागपुर चौकी के सामने वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों में रखे कपड़ों के गट्ठरों के नीचे प्लास्टिक के पैकेट और बोरियां मिलीं। जांच करने पर इनमें गांजा भरा हुआ मिला। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। दोनों पिकअप से 200 से ज्यादा पैकेट गांजा बरामद किए गए। इनका कुल वजन करीब 9.20 क्विंटल और कीमत 4 करोड़ 59 लाख रुपए है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपियों से तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बॉर्डर से कुछ किलोमीटर पहले कार्रवाई
बताया जाता है कि दोनों पिकअप ओडिशा से गांजा लेकर जशपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ में दाखिल हुई थीं। इसके बाद आरोपी एनएच 43 के रास्ते आगे बढ़े। बताया गया कि वाहनों ने सरगुजा के 5 थाना क्षेत्रों, सूरजपुर के 3 और कोरिया जिले के 3 थाना क्षेत्रों को पार किया। इसके बाद दोनों वाहन नागपुर पहुंचे। मध्यप्रदेश की सीमा से कुछ किलोमीटर पहले ही पुलिस चेकिंग में तस्करी की यह बड़ी खेप पकड़ी गई। ओडिशा से गांजा तस्करी के लिए सरगुजा और सूरजपुर के रास्ते का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आती रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस पूरे रूट और तस्करी नेटवर्क की कडिय़ों को खंगाल रही है।
मुख्य तस्करों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस गांजा कहां से लोड हुआ, इसे किसके लिए ले जाया जा रहा था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन बिंदुओं पर है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में गांजा सप्लाई करने वाले और रिसीव करने वाले मुख्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button