655 क्लर्क और 26 शिक्षकों को नियुक्ति, वर्षों से लंबित अनुकंपा नियुक्तियों को मिली गति

655 क्लर्क और 26 शिक्षकों को नियुक्ति, वर्षों से लंबित अनुकंपा नियुक्तियों को मिली गति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में 938 पात्रों को मिले नियुक्ति आदेश, सैकड़ों परिवारों को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद
यश भारत, भोपाल। मध्यप्रदेश में वर्षों से लंबित अनुकंपा नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति देते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने लगभग 938 पात्र व्यक्तियों को नियुक्ति आदेश पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। मंत्री उदय प्रताप सिंह के अनुसार नियुक्तियों में 655 सहायक ग्रेड-3 यानी क्लर्क, 26 प्राथमिक शिक्षक और 257 चतुर्थ श्रेणी के पद शामिल हैं। इस प्रकार कुल लगभग 938 पात्र व्यक्तियों को नियुक्ति आदेश दिए गए।
लंबे समय से प्रतीक्षारत परिवारों को राहत
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों और विभाग के निरंतर प्रयासों से लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है। पदोन्नति के कारण रिक्त हुए पदों का उपयोग करते हुए पात्र परिजनों को नियुक्ति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया नहीं है बल्कि उन परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने का माध्यम भी है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोया है। नियुक्तियों से प्रभावित परिवारों को नई उम्मीद मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल
इस पहल से लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र आवेदकों को राहत मिलने की उम्मीद है। सरकारी सेवा में अवसर मिलने से संबंधित परिवारों को नियमित आय और भविष्य की आर्थिक स्थिरता हासिल करने में मदद मिलेगी। स्कूल शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को लंबित प्रकरणों के निपटारे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







