स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर होगी भर्ती, 200 नए सांदीपनि विद्यालय खुलेंगे

स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर होगी भर्ती, 200 नए सांदीपनि विद्यालय खुलेंगे
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा, जनजातीय क्षेत्रों में भी बनेंगे 200 नए स्कूल भवन
– 950 लोगों को मिले अनुकंपा नियुक्ति के आदेश
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 20 हजार पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी। इसके साथ ही प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे तथा जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए विद्यालय भवनों का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 950 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश भी वितरित किए। इनमें 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ विभाग में नियुक्तियों की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ा रही है।
अनुकंपा नियुक्ति से परिवारों को मिलेगा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परिवार के मुखिया के निधन के बाद आश्रितों को समय पर अनुकंपा नियुक्ति मिलने से उन्हें आर्थिक सहारा मिलता है। इससे परिवारों को कठिन परिस्थितियों में संबल मिलता है। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को तेज करने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किए गए हैं।
अब तक 85 हजार नियुक्तियां करने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार नियुक्तियां कर चुकी है। स्कूल शिक्षा विभाग में आने वाले समय में 20 हजार पदों पर अतिरिक्त भर्ती की जाएगी। हालांकि, नई भर्तियों की समय-सीमा, पदवार संख्या और चयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।
शिक्षा बजट बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा के लिए बजट में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 से पहले स्कूल शिक्षा विभाग का बजट करीब 400 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सरकार का जोर शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर है।






