बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, कोतवाली पुलिस ने एक दिन में काटे 70 चालान

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, कोतवाली पुलिस ने एक दिन में काटे 70 चालान
भोपाल, यशभारत। राजधानी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए भोपाल पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार रात कोतवाली थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रॉयल मार्केट स्थित जीपीओ के पास बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लगभग 70 बाइक सवारों के चालान काटे गए।
पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। संयुक्त टीम ने ना सिर्फ नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान बनाए, बल्कि उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगातार वाहन चेकिंग के पॉइंट लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी इसी तरह का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसमें बिना हेलमेट वाले 50 बाइक सवारों के चालान बनाए गए थे। इसके बाद गुरुवार रात की कार्रवाई में यह आंकड़ा बढ़कर 70 तक पहुंच गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने शहर के दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। वाहन चलाते समय हमेशा अच्छी क्वालिटी के हेलमेट का उपयोग करें और सभी यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।







