बरगी क्रूज हादसा मानवजनित, सरकार तय करे जवाबदेही : उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना

जबलपुर, यशभारत। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार घटनास्थल पहुंचे और हादसे को लेकर सरकार व प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह कोई प्राकृतिक दुर्घटना नहीं, बल्कि मानवजनित घटना है, जिसकी जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।
उमंग सिंघार ने कहा कि यदि क्रूज में सवार सभी लोगों को लाइफ जैकेट पहनाई गई होती तो संभवतः कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए कहा कि जब मौसम की स्थिति का पूर्वानुमान लगाने के लिए पर्याप्त उपकरण और मापक यंत्र उपलब्ध नहीं थे, तो बिना किसी अलर्ट के क्रूज को रवाना करना सीधे-सीधे लापरवाही है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच अपनी जगह चलती रहेगी, लेकिन जो प्राथमिक तथ्य सामने आ रहे हैं, वे प्रशासनिक चूक की ओर स्पष्ट इशारा कर रहे हैं। अब यह देखना होगा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और क्या संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही कहा कि राहत एवं बचाव दल पूरी तत्परता के साथ खोज अभियान में जुटा है और उम्मीद है कि जल्द ही लापता लोगों का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस हादसे से सबक लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना बेहद आवश्यक है।







