मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, मामला दर्ज

मामूली विवाद में युवक पर चाकू से हमला, मामला दर्ज
भोपाल,यशभारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित मॉडल ग्राउंड में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मॉडल ग्राउंड पर चंद्रभान बंसल का आमिर पतला और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आमिर ने गुस्से में आकर चंद्रभान पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से चंद्रभान लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल चंद्रभान को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने आरोपी आमिर पतला और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





