अंतरजातीय विवाह से नाराज भाई ने साथियों संग मिलकर जीजा को उतारा मौत के घाट : पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी…. देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत ।मकरोनिया क्षेत्र के मानस नगर में अंतरजातीय विवाह के विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी जय द्विवेदी अपने दो अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राथमिक पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 में अंकित पटेल और जय द्विवेदी की बहन का अंतरजातीय विवाह हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और अलगाव (विवाह विच्छेदन) की स्थिति बनती रहती थी, लेकिन बाद में वे पुनः साथ रहने लगते थे।
जांच के अनुसार, जय द्विवेदी इस अंतरजातीय विवाह से सख्त नाराज था। वह अपनी बहन की शादी अपने ही समाज के किसी अन्य युवक से कराना चाहता था। इसी बात को लेकर आरोपी जय द्विवेदी और अंकित पटेल के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। अंकित पटेल द्वारा आरोपी की बात न मानने से आक्रोशित होकर जय द्विवेदी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







