व्हाट्सएप हैक कर सेज यूनिवर्सिटी को 1.90 करोड़ का चूना लगाने की कोशिश , सतर्कता से टला साइबर फ्रॉड

व्हाट्सएप हैक कर सेज यूनिवर्सिटी को 1.90 करोड़ का चूना लगाने की कोशिश , सतर्कता से टला साइबर फ्रॉड
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में साइबर अपराधियों का एक बड़ा और दुस्साहसिक कारनामा सामने आया है, जहां सेज यूनिवर्सिटी के सीएमडी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर 1.90 करोड़ रुपये ऐंठने का प्रयास किया गया। हालांकि, कर्मचारी की सतर्कता और कटारा हिल्स थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते इतनी बड़ी राशि साइबर ठगों के हाथ जाने से बच गई।
ऑटो-ऑपरेट हुआ व्हाट्सएप तो खुला राज
जानकारी के अनुसार, साइबर ठगों ने सेज यूनिवर्सिटी के अकाउंटेंट को सीएमडी के नाम और फोटो का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सएप पर फर्जी मैसेज और लिंक भेजा। मैसेज पर ओके करते ही अकाउंटेंट का व्हाट्सएप हैक हो गया। शातिर अपराधियों ने ठगी की तैयारी पहले से पूरी कर रखी थी और जिस खाते में 1.90 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाने थे, उसे पहले ही बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ रखा था।
अकाउंटेंट ने जब मोबाइल में व्हाट्सएप को खुद ब खुद चलते देखा, तो उसे किसी बड़ी गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। उसने बिना देर किए तुरंत कटारा हिल्स थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने व्हाट्सएप सपोर्ट से साधा संपर्क, अकाउंट किया रिकवर
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तकनीकी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तुरंत व्हाट्सएप सपोर्ट पर शिकायत दर्ज कराकर ऑनलाइन टिकट जनरेट कराया और ईमेल के जरिए पूरी स्थिति की जानकारी संबंधित साइबर टीम को दी। पुलिस का पहला फोकस व्हाट्सएप अकाउंट को सुरक्षित करने और पैसों के ट्रांसफर को रोकना था।
रकम ट्रांसफर होने से पहले ही पुलिस और तकनीकी टीम ने व्हाट्सएप अकाउंट को रिकवर कर लिया। इसके बाद जब कंपनी की सीनियर टीम और पुलिस ने पड़ताल की, तो स्पष्ट हुआ कि सीएमडी की तरफ से ऐसा कोई मैसेज या पैसे ट्रांसफर करने का आदेश जारी ही नहीं किया गया था। फिलहाल कटारा हिल्स पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी है।







