गढ़ाफाटक में पुरानी रंजिश पर खूनी संघर्ष, बेस बॉल के डंडो और तलवारों से हमला, चार घायल, देखे वीडियो …..

जबलपुर,यश भारत। गढ़ाफाटक मेन रोड स्थित श्री साईं गणेश उत्सव समिति के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 15 से 20 लोग तलवारों समेत अन्य हथियार लेकर पहुंचे और घर के बाहर बैठे लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले राजा रसगुल्ला वाली गली में कपिल सोनकर, राहुल सोनकर और उनके साथियों का मोहल्ले के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट भी हुई थी और मामला थाने तक पहुंचा था। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद तरुण सोनकर और कपिल सोनकर समेत कई लोग गढ़ाफाटक पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में तलवारें और अन्य हथियार थे। हमलावरों ने घर के बाहर बैठे अहरवार परिवार के लोगों को निशाना बनाया और हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में विपिन अहिरवार, दीपक अहिरवार, इमारती अहिरवार और अमित अहिरवार घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही लार्डगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ विवाद की पूरी पृष्ठभूमि की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले में शामिल आरोपियों की पहचान करने के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और विवाद के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







