अबकी बार ड्रोन से मिली सटीक लोकेशन: बैरसिया के तरावली डेरे में ध्वस्त किए अवैध मदिरा के अड्डे, देखें वीडियो

अबकी बार ड्रोन से मिली सटीक लोकेशन: बैरसिया के तरावली डेरे में ध्वस्त किए अवैध मदिरा के अड्डे, देखें वीडियो
पुलिस-आबकारी टीम की आहट मिलते ही घर छोड़कर भागे आरोपी
भोपाल,यशभारत। अवैध शराब के गढ़ माने जाने वाले बैरसिया के तरावली डेरे पर मंगलवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। ड्रोन कैमरों की मदद से चलाए गए इस हाई-टेक सर्च ऑपरेशन में जमीन के भीतर छिपाई गईं 12 अवैध भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 15,000 किलोग्राम लाहन और 275 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब जब्त की गई।
भनक लगते ही घर छोड़कर भागे आरोपी
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक देहात पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई की भनक लगते ही डेरे के लोग अपने-अपने घर छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद उपायुक्त आबकारी के.सी. अग्निहोत्री, सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र कुमार धाकड़ और एएसपी प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन में 127 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम ने डेरे के एक-एक खुले और खाली घर की गहन तलाशी ली।
जमीन के अंदर चल रही थीं भट्टियां, 2 बॉयलर जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम को जमीन के अंदर छुपाकर बनाई गईं 12 भट्टियां मिलीं, जिनमें बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। टीम ने मौक पर ही सभी भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे 2 बड़े बॉयलर और अन्य उपकरणों को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






