जबलपुर में गूंजेगी युवाओं की आवाज: इंदौर के बाद अब संस्कारधानी में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

जबलपुर में गूंजेगी युवाओं की आवाज: इंदौर के बाद अब संस्कारधानी में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में युवाओं और छात्रों को साधने के लिए कांग्रेस ने अपना बड़ा सियासी अभियान तेज कर दिया है। इंदौर में आयोजित सफल कार्यक्रम के बाद अब संस्कारधानी जबलपुर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सीधे युवाओं से रूबरू होंगे।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष और प्रवक्ता मुकेश नायक ने मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इंदौर में छात्रों के मिले भारी समर्थन के बाद पार्टी ने अब महाकौशल अंचल के केंद्र जबलपुर में इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर केंद्रित होगा संवाद
कांग्रेस की इस कवायद का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और छात्रों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को उठाना है। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, रुकी हुई भर्ती प्रक्रियाओं और उच्च शिक्षा की स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्रों के सवालों के जवाब देंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे।
महाकौशल को साधने की रणनीति
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, इंदौर के बाद जबलपुर को चुनना कांग्रेस की सुविचारित रणनीति का हिस्सा है। महाकौशल क्षेत्र में युवाओं की एक बड़ी आबादी है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए स्थानीय स्तर पर कमेटियों का गठन और रूपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि पूरे संभाग से छात्रों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।







