पढ़ाई में अव्वल, अब स्कूटी पर सवार होंगे विद्यार्थी, 7400 से ज्यादा छात्रों को मिली सौगात

पढ़ाई में अव्वल, अब स्कूटी पर सवार होंगे विद्यार्थी, 7400 से ज्यादा छात्रों को मिली सौगात
भोपाल में मुख्यमंत्री ने किया मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ, पात्र विद्यार्थियों के खातों में पहुंची राशि
भोपाल, यश भारत । शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री विजय शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के 7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी और मोटराइज्ड वाहन के लिए आर्थिक सहायता की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री ने पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में योजना की राशि अंतरित की। कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों को मंच से सांकेतिक रूप से वाहनों की चाबी भी सौंपी गई। इस मौके पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई और बेहतर अवसरों के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने भविष्य के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ते हैं।
इस बार बदले हैं पात्रता के नियम
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना में वर्ष 2026 से पात्रता के नियमों में बदलाव किया गया है। अब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के नियमित विद्यार्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए 12वीं की परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण करना होगा। इसके साथ ही न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करना और अपने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करना अनिवार्य किया गया है। योजना का लाभ सभी संकायों के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा।
इस बार योजना में पहली बार 70 प्रतिशत न्यूनतम अंक की शर्त जोड़ी गई है। जुलाई 2026 के शासन आदेश के अनुसार योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 495 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
ई-स्कूटी के लिए 1.20 लाख तक
योजना के तहत पात्र विद्यार्थी निर्धारित वाहनों में से अपनी पसंद का वाहन चुन सकेंगे। ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये और मोटराइज्ड वाहन के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये तक की राशि दी जाएगी। निर्धारित राशि में वाहन की एक्स-शोरूम कीमत के साथ पंजीयन, बीमा, दो हेलमेट और आवश्यक सहायक सामग्री का खर्च भी शामिल रहेगा।
राशि मिलने से पहले वाहन खरीदा तो कार्रवाई
विभाग ने विद्यार्थियों को वाहन खरीदने की प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए हैं। योजना की राशि बैंक खाते में पहुंचने से पहले वाहन खरीदना नियमों के विपरीत माना जाएगा। विद्यार्थियों को राशि प्राप्त होने के बाद ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वाहन खरीदना होगा।







