चालक से मारपीट कर ट्रक से लूटा डीजल, कटनी-गुलवारा बाईपास में हुई घटना, लूट का मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। झिंझरी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कटनी-गुलवारा बाईपास पर तडक़े हुई एक वारदात ने झिंझरी पुलिस की सक्रियता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाईपास रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रक चालक को रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की और गाड़ी की टंकी से लगभग 280 लीटर डीजल लूटकर चंपत हो गए। झिंझरी चौकी क्षेत्र में एक के बाद एक होती डीजल चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तरार औरंगाबाद बिहार निवासी 57 वर्षीय ट्रक चालक मोहम्मद शकील खान पिता मुनव्वर खान विगत सुबह अपने वाहन से कटनी-गुलवारा बाईपास से गुजर रहा था। सुबह करीब 5.40 बजे चार अज्ञात बदमाशों ने उसके ट्रक को जबरन रुकवा लिया। चालक ने बताया कि बदमाशों ने गाड़ी रुकते ही गालीगलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया और मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक के डीजल टैंक से करीब 26 हजार रूपए की कीमत का 280 लीटर डीजल निकाला और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीडि़त चालक ने चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।






