फर्जी सिम कार्ड के जरिए बैंक खाता खुलवाकर धोखाधड़ी, शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्जी सिम कार्ड के जरिए बैंक खाता खुलवाकर आर्थिक धोखाधड़ी करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना 8 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे एसीसी ग्राउंड के पास माधवनगर क्षेत्र में घटित हुई थी, जबकि मामले की रिपोर्ट 1 जनवरी 2026 को रात 8 बजकर 56 मिनट पर दर्ज की गई। इस मामले में संजय चौधरी 26 वर्ष और आशीष आरख 36 वर्ष दोनों निवासी भट्ठा मोहल्ला थाना रंगनाथ नगर को आरोपी बनाया गया है। पीडि़त पक्ष की ओर से वीरन सिंह गौंड 27 वर्ष निवासी मंगलनगर थाना रंगनाथ नगर ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती को पीडि़त बताया गया है, जिसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। आरोप है कि फर्जी सिम कार्ड का उपयोग कर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया गया और इसके जरिए पैसों की हेराफेरी की गई। मामले की विवेचना सहायक उप निरीक्षक संतोष सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन मामले की गहनता से जांच जारी है और जांच के दौरान और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।







