कटनी

बड़ा हादसा : ई-रिक्शा पलटने से बच्ची की मौत, परिवार में छाया मातम, विश्राम बाबा में हुई घटना

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्राम बाबा में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में खेल रही 7 साल की मासूम बच्ची अचानक हादसे का शिकार हो गई। ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 वर्षीया रियांश अहिरवार पिता अरविंद अहिरवार अपने घर के बाहर खड़े एक ई-रिक्शा में बैठकर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और बच्ची सीधे उसकी चपेट में आ गई। ई-रिक्शा के नीचे दबने से मासूम के सिर पर गंभीर और घातक चोट आई। हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि बच्ची को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच में सिर में आई गंभीर चोट ही मौत की मुख्य वजह पाई गई है। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर खड़ा ई-रिक्शा किन परिस्थितियों में पलटा और हादसे के पीछे की मुख्य वजह क्या रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button