भोपाल: जुआ कांड के बाद बदले गए कोतवाली टीआई, अपाला सिंह को मिली नई जिम्मेदारी

भोपाल: जुआ कांड के बाद बदले गए कोतवाली टीआई, अपाला सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
भोपाल,यशभारत। राजधानी भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में हाल ही में जुए के अड्डे पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जुए के मामले में लापरवाही और कथित संरक्षण के चलते कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ को पद से हटाकर निलंबित कर दिया गया था। इसके तुरंत बाद पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) द्वारा नए थाना प्रभारी की पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नगरीय पुलिस भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अपराध शाखा में पदस्थ निरीक्षक अपाला सिंह को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक अपराध शाखा से थाना कोतवाली के कार्य हेतु पदस्थ किया गया है।
यह आदेश पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) आदर्श कांत शुक्ला (भा.पु.से.) के हस्ताक्षर से दिनांक 16 सितंबर 2026 को जारी किया गया।
उल्लेखनीय है कि चौक बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जुए के अड्डे पर एसीपी कोतवाली संतोष पटेल की टीम ने औचक दबिश दी थी। इस कार्रवाई में दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा गया और लाखों रुपये की नकदी जब्त की गई थी। क्षेत्र में जुआ बंद कराने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने के आरोप में डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने तत्कालीन टीआई प्रभात गौड़ सहित तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की थी।
इस प्रशासनिक कार्रवाई के तुरंत बाद ही अपराध शाखा से निरीक्षक अपाला सिंह को कोतवाली थाने की कमान सौंप दी गई है।








