
नरसिंहपुर, यश भारत। गोटेगांव थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस अनियंत्रित होकर बछड़े को टक्कर मारने के बाद करीब 40 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में एंबुलेंस सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि टक्कर लगने से बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर आए बछड़े को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और बछड़े को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित गहरे नाले में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एंबुलेंस में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायलों को चोटें आई हैं।करीब 40 फीट गहरे नाले में एंबुलेंस गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, दुर्घटना में बछड़े की मौत होने से मौके पर मौजूद लोगों ने भी चिंता जताई।







