भोपालमध्य प्रदेश

FTL अतिक्रमण की शिकायत से डरे भू-माफिया: शिकायतकर्ता के घर 10 राउंड फायरिंग, विदेश भागने की फिराक में था आरोपी नीतेश, दिल्ली से गिरफ्तार

FTL अतिक्रमण की शिकायत से डरे भू-माफिया: शिकायतकर्ता के घर 10 राउंड फायरिंग, विदेश भागने की फिराक में था आरोपी नीतेश, दिल्ली से गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बड़े तालाब को निगल रहे भू-माफिया का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि शिकायतकर्ताओं की आवाज दबाने के लिए अब गोलियां बरसाई जा रही हैं। बड़े तालाब के फुल टैंक लेवल (FTL) में जारी अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने वाले रियल एस्टेट कारोबारी संतोष सिंह तोमर के घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग मामले में रातीबड़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी नीतेश ठाकुर को विदेश भागने से ठीक पहले दिल्ली से धर दबोचा।

थाईलैंड भागने की थी पूरी तैयारी
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नीतेश ठाकुर पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए थाईलैंड भागने की फिराक में था। हालांकि, भोपाल पुलिस की सतर्कता से उसके विदेश रवाना होने के मंसूबों पर पानी फिर गया और उसे दिल्ली में ही घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार सुबह पुलिस टीम उसे भोपाल लेकर पहुंची, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

दो गाड़ियां जब्त, साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी पुलिस
वारदात में इस्तेमाल वाहनों की सुरागकशी करते हुए पुलिस ने आरोपी नीतेश से जुड़ी दो लग्जरी गाड़ियां—एक XUV (ग्वालियर से) और एक स्कॉर्पियो (भोपाल से) जब्त की हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि 10 सितंबर की देर रात अंजाम दी गई इस वारदात में इनमें से किस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, वारदात के पीछे शामिल अन्य आरोपियों सौरभ चौहान और अजीत की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

धमकी देकर रात के अंधेरे में बरसाईं गोलियां
उल्लेखनीय है कि 10 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे सफेद फॉर्च्यूनर से आए बदमाशों ने गौरा गांव स्थित तोमर के निवास पर 10 राउंड से ज्यादा फायर किए थे। तोमर ने दीवार की आड़ लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी। पुलिस जांच के अनुसार, फायरिंग से पहले कारोबारी को सौरभ नाम से फोन कर शिकायत वापस लेने के लिए धमकाया भी गया था। FTL में अवैध कब्जों की शिकायत से बौखलाए माफिया की इस हरकत को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने का दावा किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button