दामाद ने की ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या : आरोपी गिरफ्तार पारिवारिक विवाद में दिया वारदात को अंजाम, बीच-बचाव करने आई महिला पर भी किया जानलेवा हमला

दमोह। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौधा में पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने छतरपुर जिले के बक्सवाहा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को ग्राम पिपरौधा में आरोपी रामप्रसाद उर्फ गोठल रैकवार का अपनी पत्नी रश्मि को मायके से विदा कराने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने अपने ससुर रमेश रैकवार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर वार के चलते रमेश रैकवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची गंगा रैकवार पर भी आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कुल्हाड़ी से गले पर वार किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बटियागढ़ में अपराध क्रमांक 255/26 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) एवं 109 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
बक्सवाहा बस स्टैंड से दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार आरोपी की तलाश और पतारसी की।
पुलिस टीम को सफलता 15 सितंबर 2026 को मिली, जब आरोपी को ग्राम बक्सवाहा बस स्टैंड, जिला छतरपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
रामप्रसाद उर्फ गोठल पिता लूले रैकवार, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम लिड़ाई बम्होरी, थाना बटियागढ़, जिला दमोह।







