जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

गोधरा मामलों से MP हाईकोर्ट की शीर्ष कुर्सी तक,जस्टिस अल्पेश कोगजे का नाम चर्चा में

जबलपुर ,यश भारत। 

जबलपुर ,यश भारत।   मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गुजरात हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे का नाम संभावित दावेदार के तौर पर सामने आया है। हालांकि, अभी उनकी नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। जस्टिस कोगजे का न्यायिक और कानूनी अनुभव लंबा रहा है। उन्होंने वर्ष 1993 में वकालत शुरू की थी और सरकारी पक्ष से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में पैरवी की। 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े मामलों में भी उन्होंने कानूनी पक्ष रखा था। वर्ष 2011 में उन्हें विशेष जांच दल (SIT) से जुड़े मामलों के लिए विशेष वकील की जिम्मेदारी मिली थी। इसके अलावा उन्होंने एसटीएफ से संबंधित मामलों में भी काम किया।

जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे ने 6 अप्रैल 2016 को गुजरात हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। बाद में 15 मार्च 2018 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश को लेकर उनका नाम सामने आने के बाद न्यायिक गलियारों में चर्चाएं बढ़ गई हैं। हालांकि, रिपोर्टों के मुताबिक अभी उनका नाम आधिकारिक रूप से तय नहीं माना जा सकता। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की औपचारिक सिफारिश और उसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी की प्रक्रिया पूरी होने पर ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। यदि जस्टिस कोगजे की नियुक्ति होती है तो वे गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। फिलहाल यह मामला संभावित नियुक्ति के स्तर पर है और आधिकारिक आदेश का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button