भोपाल

बिजली चोरी के केस में सेटलमेंट का खेल – 15 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार 

बिजली चोरी के केस में सेटलमेंट का खेल
– 15 हजार की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार 
यश भारत, भोपाल। नया बिजली मीटर लगाने और बिजली चोरी के प्रकरण में सेटलमेंट कराने के नाम पर रिश्वत मांगना बिजली कंपनी के जेई को भारी पड़ गया। लोकायुक्त की टीम ने बुधवार दोपहर छोला विद्युत कार्यालय में कार्रवाई करते हुए जेई अरपित उपाध्याय को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई डीएसपी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता तारीक सिद्दीकी ने जेई द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। बुधवार दोपहर शिकायतकर्ता रकम लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही जेई ने रुपए लिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया और रकम बरामद कर ली। कार्रवाई के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें शिकायतकर्ता टीम को जेई की पहचान बताते हुए कहता सुनाई दे रहा है कि रिश्वत की रकम उसकी पिछली जेब में रखी है। कार्रवाई के दौरान जेई ने लोकायुक्त अधिकारियों से पूछा आप कौन हैं, आए कैसे हैं? लोकायुक्त ने जेई अरपित उपाध्याय और मामले से जुड़े राजेंद्र बरवड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button