बेतरतीब पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, गिन्नौरी से बुधवारा तक हटाए गए वाहन, देखे वीडियो

बेतरतीब पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, गिन्नौरी से बुधवारा तक हटाए गए वाहन, देखे वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी में लगातार गहराती ट्रैफिक जाम की समस्या और सड़कों पर अवैध रूप से पार्क वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने गिन्नौरी से लेकर बुधवारा आर्च ब्रिज तक बीच सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ एक बड़ा और विशेष अभियान चलाया।
दरअसल, इस पूरे मार्ग पर अनियंत्रित और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई थी। सड़क संकरी होने से इस इलाके में आए दिन लंबा जाम लग रहा था, जिससे आम चालकों और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया था। आवागमन में आ रही इसी बाधा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की टीम एक्शन में आई।
कार्रवाई के दौरान एसीपी ट्रैफिक विजय कुमार दुबे खुद मैदानी स्तर पर मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस बल के साथ मिलकर मौके पर खड़े वाहनों को हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त रुख अपनाया। पुलिस की इस मुस्तैदी के बाद सड़क पूरी तरह खुली और साफ नजर आई, जिससे यातायात तुरंत सुचारू हो सका। ट्रैफिक पुलिस की इस सख्ती से स्पष्ट संदेश गया है कि सड़कों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







