RGPV अब तीन क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों में बंटेगा, जबलपुर में महाकौशल प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय
भोपाल, यशभारत

भोपाल, यशभारत । मोहन कैबिनेट ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) के पुनर्गठन को मंजूरी देते हुए इसे तीन क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों में बांटने का फैसला किया है। भोपाल स्थित RGPV का नाम अब मध्यभारत प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय होगा। इसके अलावा जबलपुर में महाकौशल प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय और उज्जैन में मालवा प्रौद्योगिकी एवं कौशल विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के अनुसार भोपाल विश्वविद्यालय में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग, जबलपुर विश्वविद्यालय में रीवा, शहडोल, जबलपुर और सागर संभाग तथा उज्जैन विश्वविद्यालय में इंदौर और उज्जैन संभाग शामिल होंगे। वर्तमान में RGPV से 13 पाठ्यक्रम, 585 संस्थान और करीब 3.83 लाख विद्यार्थी जुड़े हैं। नए विश्वविद्यालयों में जरूरत के अनुसार पद सृजित किए जाएंगे।
कैबिनेट ने पश्चिमी भोपाल बायपास फोरलेन की संशोधित लागत 2981 करोड़ से बढ़ाकर 3225 करोड़ रुपए करने को मंजूरी दी। बीना-खिमलासा-मालथौन मार्ग को भी 2776 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन किया जाएगा। इसके साथ ही डेयरी विकास योजनाओं को 2031 तक जारी रखने, मूंग की सरकारी खरीदी 25 से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने और हर जिले में लोकपाल नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। EOW में सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी को विधि सलाहकार बनाने का फैसला भी लिया गया।







